लखनऊ की कोचिंग में आग से मचा हड़कंप, 6 स्टूडेंट्स की मौत: बाथरूम में छिपे मिले बच्चे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक तीन मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लगने से कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले छात्रों की जान चली गई। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जिनमें ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में पुलिस और राहत बचाव की टीमें मौके पर पहुंचीं।

जानकारी के मुताबिक आग बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर चल रही कोचिंग में लगी। अचानक धुआं भरने और आग फैलने के बाद कई छात्र बाहर नहीं निकल पाए। अपनी जान बचाने के लिए कुछ छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया, लेकिन धुएं और आग की वजह से उनकी हालत बेहद खराब हो गई। रेस्क्यू टीमों ने जब अंदर पहुंचकर तलाश शुरू की तो कुछ छात्र बाथरूम में मिले।

हादसे के दौरान एक छात्र ने पहली मंजिल से कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे लगी ग्रिल पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके पर फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया। हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से ऊंचाई वाले हिस्सों में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की गई।

SDRF और NDRF की टीमें भी राहत कार्य में जुट गईं। फायरकर्मियों ने बिल्डिंग की पीछे की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंच बनाई और शवों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार अभी भी करीब 10 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने करीब 14 एम्बुलेंस तैनात कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Related posts