बिजनेसमैन ललित मोदी ने हाल ही में अपनी पूर्व पार्टनर सुष्मिता सेन को लेकर बड़ा बयान दिया है, जिसने एक बार फिर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। सुष्मिता पर लगे ‘गोल्ड डिगर’ टैग को पूरी तरह खारिज करते हुए ललित मोदी ने कहा कि असलियत इससे बिल्कुल उलट थी। 
उन्होंने बताया कि सुष्मिता एक बेहद आत्मनिर्भर और सफल महिला हैं, जिन्होंने अपने दम पर सब कुछ हासिल किया है। ललित के मुताबिक, उनके रिश्ते के दौरान कभी ऐसा नहीं हुआ कि उन्हें किसी चीज़ का भुगतान करना पड़ा हो। उन्होंने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा कि वह खुद सुष्मिता के “केप्ट बॉयफ्रेंड” थे, क्योंकि हर जगह सुष्मिता ही पेमेंट करती थीं।
ललित मोदी ने सुष्मिता की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें “सेल्फ-मेड वुमन” बताया और कहा कि वह उनकी ज़िंदगी का एक खास हिस्सा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सुष्मिता ने उनकी पर्सनैलिटी को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों का रिश्ता काफी खूबसूरत था, लेकिन दूरी और करियर की व्यस्तताओं के चलते वे साथ नहीं रह पाए।
सोशल मीडिया पर जब कुछ लोगों ने सुष्मिता को ‘गोल्ड डिगर’ कहा, तो ललित मोदी ने ट्रोलर्स को करारा जवाब देते हुए कहा कि अगर कोई ‘डिगर’ था, तो वह खुद थे। उन्होंने खुद को “डायमंड डिगर” बताते हुए कहा कि सुष्मिता जैसी महिला के साथ रहना ही उनके लिए गर्व की बात थी।
गौरतलब है कि जुलाई 2022 में ललित मोदी ने सुष्मिता सेन के साथ अपने रिश्ते का खुलासा किया था। हालांकि, फरवरी 2025 में उन्होंने अपने ब्रेकअप की पुष्टि कर दी और अपनी नई पार्टनर के बारे में भी जानकारी दी।
