न्यू दिल्ली : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुंबई में एक खास पहल की शुरुआत हुई, जिसने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण का भी मजबूत संदेश दिया। अमृता फडणवीस ने इस मौके पर खुद ई-रिक्शा चलाकर ‘पिंक ई-रिक्शा’ पहल को लॉन्च किया। इस दौरान बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर उनके पीछे सवारी बनकर बैठीं, जिससे कार्यक्रम और भी आकर्षक बन गया।
यह पहल भामला फाउंडेशन द्वारा शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के अवसर देना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और इस अनोखी शुरुआत को सराहा।
मीडिया से बातचीत के दौरान भूमि पेडनेकर ने इस पहल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह केवल पर्यावरण को बचाने की दिशा में एक कदम नहीं है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देने वाली पहल है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर महिलाएं मजबूत होंगी तो देश भी तेजी से प्रगति करेगा।
इस योजना के तहत महिला ड्राइवरों को ई-रिक्शा उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उन्हें रोजगार मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी। मुंबई में इस पहल के तहत 1000 पिंक ई-रिक्शा लॉन्च करने की योजना है, जबकि पूरे महाराष्ट्र में 12 हजार ई-रिक्शा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
गौरतलब है कि भामला फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से पर्यावरण, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय है और अब यह पहल महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
