पीएम मोदी का उत्तर प्रदेश दौरा, महिला सम्मेलन में लेंगे भाग

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से उत्तर प्रदेश की दो दिन की यात्रा पर रहेंगे। आज शाम को प्रधानमंत्री  वाराणसी में आयोजित महिला सम्मेलन में भाग लेंगे और लगभग 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

वे इस अवसर पर सभा को भी संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी। प्रधानमंत्री 1 हजार 50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 48 पूर्ण परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं में वाराणसी-आजमगढ़ सड़क का विस्‍तारीकरण करना, कज्जाकपुरा और कादीपुर में महत्वपूर्ण रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन और भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का उद्घाटन शामिल हैं। पीएम लगभग 5 हजार 300 करोड़ रुपये की 112 से अधिक परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री विभिन्न सामुदायिक परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। पीएम पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के साथ रेल संपर्क मजबूत करने वाली रेलवे लाइन परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। ये ट्रेनें किफायती और आधुनिक यात्रा विकल्प के साथ ही उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच संपर्क बढ़ाएंगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts