19 घंटे 13 मिनट में 17,000 किमी की उड़ान: क्वांटस ने रचा इतिहास, 2027 से शुरू होंगी दुनिया की सबसे लंबी नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स

बिज़नेस : ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय एयरलाइन क्वांटस ने एविएशन की दुनिया में नया इतिहास रच दिया है। एयरलाइन के विशेष रूप से तैयार किए गए एयरबस A350-1000ULR विमान ने फ्रांस के टूलूज से ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न तक करीब 17 हजार किलोमीटर की दूरी महज 19 घंटे 13 मिनट में बिना रुके तय कर एक नया रिकॉर्ड बनाया। यह टेस्ट फ्लाइट शुक्रवार सुबह सफलतापूर्वक मेलबर्न पहुंची और इसे भविष्य की अल्ट्रा-लॉन्ग रेंज उड़ानों की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

इस ऐतिहासिक उड़ान का मुख्य उद्देश्य विमान के नए फ्यूल सिस्टम की जांच करना था। विमान में 20 हजार लीटर क्षमता का अतिरिक्त रियर सेंटर फ्यूल टैंक लगाया गया है, जो इसे लगातार 22 घंटे तक उड़ान भरने में सक्षम बनाता है। टेस्ट फ्लाइट में एयरबस के चार पायलट और पांच फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे सफर के दौरान विमान की तकनीकी क्षमता का परीक्षण किया।

क्वांटस का महत्वाकांक्षी ‘प्रोजेक्ट सनराइज’ अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। कंपनी 2027 से दुनिया की सबसे लंबी नॉन-स्टॉप कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत करेगी। सबसे पहले सिडनी से लंदन और फिर सिडनी से न्यूयॉर्क के लिए सीधी सेवाएं शुरू होंगी। इसके लिए एयरलाइन ने एयरबस से 12 विशेष A350-1000ULR विमान ऑर्डर किए हैं, जिनकी डिलीवरी अप्रैल 2027 से शुरू होगी।

इतनी लंबी यात्रा में यात्रियों की सेहत का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। विमान में वेलनेस जोन, 12 घंटे का नियंत्रित अंधेरा, विशेष लाइटिंग सिस्टम और हाई-प्रोटीन डाइट जैसी सुविधाएं होंगी, ताकि जेट लैग, थकान और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं को कम किया जा सके। इसके अलावा कुछ उड़ानों में नॉर्थ पोलर रूट का इस्तेमाल होगा, जिससे तेज हवाओं से बचते हुए समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

क्वांटस की यह उपलब्धि सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भविष्य की वैश्विक हवाई यात्रा की नई शुरुआत मानी जा रही है। आने वाले वर्षों में यात्रियों को बिना किसी स्टॉप के दुनिया के सबसे लंबे अंतरराष्ट्रीय सफर का अनुभव मिलेगा।

Related posts