उत्तर प्रदेश : (Lucknow)गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के रकीबाबाद गांव में इकलौते बेटे ने शादी के तीसरे दिन सुसाइड कर लिया। परिजन ने आरोप लगाया है कि मां को बाइक की टक्कर मारने पर पड़ोस के एक लड़के से उसका विवाद हो गया था। उसके बाद युवक ने पुलिस बुला ली थी। तभी से वह लड़का बार-बार फोन कर धमकी दे रहा था।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय रामजीत के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था। शनिवार शाम उसकी मां रामकुमारी को गांव के ही एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। इस बात को लेकर रामजीत और बाइक सवार के बीच विवाद हो गया तो रामजीत ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस बुला ली थी।
छत के हुक से लगाया फंदा –
परिजनों के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी युवक ने रामजीत को फोन पर कई बार हत्या करने के लिए धमकाया। इन धमकियों के कारण रामजीत तनाव में था। इसी तनाव में उसने अपने घर के कमरे में छत के हुक से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
रामजीत की शादी 30 अप्रैल को नगराम क्षेत्र के गुलालखेड़ा गांव की रितु से हुई थी। घटना के समय उसकी पत्नी मायके में थी। सूचना मिलते ही वह ससुराल आई। उसका रो-रोकर बुरा हाल था। रामजीत की दो बहन सुमन और सीमा भी रो रही थीं। गोसाईंगंज पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
