लखनऊ : ऑल्टो चालक युवक को होंडासिटी चालक ने गिराकर पीटा ; दोनों में कहा सुनी होने के कारण हुआ यह बवाल 

उत्तर प्रदेश : (Lucknow)लखनऊ में होंडा सिटी कार सवार दो युवकों ने एक अल्टो वाले को गिराकर पीटा है। उसे पहले ओवरटेक कर रुकवा लिया। इसके बाद गेट खुलवाकर कॉलर पकड़कर नीचे खींच लिया। सड़क पर गिराकर घसीटते हुए जमकर पीटा। उसके बाल भी खींचे। अल्टो वाला युवक हाथ जोड़कर उनसे छोड़ देने की मिन्नतें करता रहा। इस दौरान लोग सड़क पर तमाशा देखते रहे।

यह घटना शहीद पथ पर लक्ष्य प्लाजा के सामने मंगलवार शाम हुई। इसे देख रहे लोगों ने वीडियो बनाया। किसी ने मार खाते अकेले युवक को छुड़ाने की हिम्मत नहीं की। हालांकि, उसकी पहचान हो गई है। युवक चिनहट के गल्ला मंडी का रहने वाला ज्ञानेंद्र यादव है। उसने पीजीआई कोतवाली में इस मामले की शिकायत की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

विस्तार से पढ़िए पूरा मामला – 

पीड़ित युवक ज्ञानेंद्र यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह अपनी कार से चिनहट घर की ओर जा रहा था। रमाबाई पुलिस चौकी के पास होंडा सिटी सवार कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। वहीं से उन युवकों ने पीछा कर लिया। दोनों युवकों ने ज्ञानेंद्र को शहीद पथ पर लक्ष्य प्लाजा के सामने ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद युवकों ने ज्ञानेंद्र को कार से बाहर खींचकर पीटा। आल्टो कार का शीशा तोड़ने का भी आरोप लगाया है।

पीजीआई कोतवाली इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया- शिकायत करने वाले युवक का मेडिकल कराया जाएगा।। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल, शांतिभंग और मारपीट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है ।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts