न्यू दिल्ली : सोने और चांदी की कीमतों में 22 जून को एक बार फिर तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी IBJA के मुताबिक, चांदी की कीमत में आज बड़ी बढ़ोतरी हुई है। एक किलो चांदी का भाव 5,826 रुपए बढ़कर 2.37 लाख रुपए प्रति किलो पहुंच गया है। इससे पहले गुरुवार को चांदी 2.32 लाख रुपए प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।
वहीं सोने के दाम में भी तेजी दर्ज की गई है। 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,694 रुपए महंगा होकर 1.46 लाख रुपए के स्तर पर पहुंच गया है। इससे पहले सोने की कीमत करीब 1.44 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम थी। बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों और ग्राहकों की नजरें सोने-चांदी की कीमतों पर बनी हुई हैं।
इस साल की शुरुआत से ही कीमती धातुओं में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को सोने का भाव 1.33 लाख रुपए था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि इसके बाद सोना अपने उच्चतम स्तर से करीब 30 हजार रुपए नीचे आ चुका है। इसी तरह चांदी भी 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी, जो 29 जनवरी को 3.86 लाख रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी। अब यह अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 1.49 लाख रुपए नीचे है।
ज्वेलरी खरीदते समय ग्राहकों को सावधानी बरतने की जरूरत होती है। हमेशा BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदना चाहिए, जिससे उसकी शुद्धता का पता चलता है। इसके अलावा खरीदारी से पहले अलग-अलग सोर्स से कीमत जरूर जांच लेनी चाहिए। चांदी की पहचान के लिए मैग्नेट टेस्ट, आइस टेस्ट, स्मेल टेस्ट और क्लॉथ टेस्ट जैसे तरीके अपनाए जा सकते हैं।
