लखनऊ में UP-TET 2026 की शुरुआत! 46 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, तीन स्तर की जांच के बाद मिला प्रवेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी UP-TET 2026 की शुरुआत गुरुवार से लखनऊ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो गई। राजधानी के 46 परीक्षा केंद्रों पर हजारों अभ्यर्थी सुबह से ही पहुंच गए। कई केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से प्रवेश शुरू हुआ, जबकि 8:45 बजे गेट बंद कर दिए गए।

प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। अभ्यर्थियों को तीन स्तर की सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। खास बात यह रही कि इस बार महिला अभ्यर्थियों की संख्या पुरुषों से अधिक रही।

लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 92 मजिस्ट्रेट, 46 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 46 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। अधिकारी सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में करीब 19,734 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं 4 जुलाई को एक पाली में 17,518 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, पूरे प्रदेश में 955 परीक्षा केंद्रों पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष और महत्वपूर्ण स्थानों पर AI आधारित CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें जिला कंट्रोल रूम और आयोग के इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर से जोड़ा गया है।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने भी 2 और 3 जुलाई को कई परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। प्रशासन का दावा है कि पारदर्शी, सुरक्षित और नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Related posts