WhatsApp का बड़ा एक्शन या तकनीकी गड़बड़ी? कई यूजर्स के अकाउंट बिना चेतावनी हुए Review में, कंपनी ने दी सफाई

बिज़नेस : मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने भारत समेत कई देशों के कुछ यूजर्स के अकाउंट्स को अचानक 24 घंटे के लिए ‘Account in Review’ मोड में डाल दिया है। इस दौरान प्रभावित यूजर्स के लिए ऐप के लगभग सभी फीचर्स, जैसे मैसेज भेजना, कॉल करना और अन्य सेवाओं का इस्तेमाल पूरी तरह बंद हो गया। सबसे बड़ी बात यह रही कि कंपनी ने अकाउंट रीव्यू में डालने से पहले किसी भी तरह की चेतावनी या नोटिफिकेशन जारी नहीं किया, जिससे यूजर्स में भ्रम और नाराजगी देखने को मिली।

जब प्रभावित यूजर्स ने WhatsApp खोला तो उनकी स्क्रीन पर एक संदेश दिखाई दिया, जिसमें लिखा था कि उनका अकाउंट रीव्यू में है और उनकी अकाउंट एक्टिविटी तथा डिवाइस की जानकारी की जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्होंने WhatsApp की सेवा शर्तों का उल्लंघन नहीं किया है। इसके साथ ही स्क्रीन पर दो विकल्प भी दिए गए। पहला, जिम्मेदारी से WhatsApp का उपयोग करने की जानकारी देता है और दूसरा, चोरी हुए फोन या अकाउंट से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराता है।

इस घटना के बाद कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी साझा की और सवाल उठाए कि बिना किसी गलती या पूर्व सूचना के उनके अकाउंट क्यों ब्लॉक किए गए। बढ़ती शिकायतों के बाद WhatsApp की पैरेंट कंपनी Meta के प्रवक्ता ने बयान जारी किया। कंपनी ने कहा कि यह प्रक्रिया प्लेटफॉर्म और अन्य यूजर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनाई जाती है। हालांकि, कंपनी ने यह भी स्वीकार किया कि कभी-कभी तकनीकी गलती की वजह से कुछ अकाउंट्स गलत तरीके से रीव्यू में चले जाते हैं और ऐसी स्थिति को जल्द से जल्द ठीक करने की कोशिश की जाती है।

फिलहाल कंपनी प्रभावित यूजर्स के अकाउंट्स की जांच कर रही है। अगर आपका अकाउंट भी रीव्यू में चला गया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। जांच पूरी होने के बाद अधिकांश मामलों में अकाउंट दोबारा सामान्य रूप से सक्रिय कर दिया जाता है।

Related posts