Lucknow: लखनऊ के चौक इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कांवड़ियों के भेष में आए कुछ युवकों ने एक स्कूल वैन में तोड़फोड़ कर दी। घटना चरक चौराहे की है, जहां वैन में सवार मासूम बच्चे अचानक हुए हमले से बुरी तरह डर गए और चीखते-चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे बाइक सवार कुछ युवक भगवा कपड़े पहनकर और कांवड़ यात्रा के प्रतीक झंडे लगाकर गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की स्कूल वैन से हल्की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।
आरोप है कि युवकों ने किसी भारी वस्तु से स्कूल वैन के शीशों पर हमला कर दिया, जिससे शीशे टूट गए। घटना के समय वैन में कई स्कूली बच्चे मौजूद थे। अचानक हुई तोड़फोड़ से बच्चे घबरा गए और वहां अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से बाइक लेकर फरार हो गए।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक बाइक पर बैठे युवक की टी-शर्ट पर “तूफानी डाक कांवड़, अभिषेक राजपूत 28” लिखा हुआ नजर आ रहा है। पुलिस अब वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
एसीपी चौक के मुताबिक, फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा और सड़क पर बढ़ती आक्रामकता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
