लखनऊ के फाइव स्टार होटल में 22 साल के युवा वैज्ञानिक की मौत, इको-फ्रेंडली ट्रैक्टर बनाकर हुए थे मशहूर

लखनऊ से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। महज 22 साल की उम्र में देश के एक होनहार युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव मंगलवार सुबह लखनऊ के विभूतिखंड इलाके स्थित फाइव स्टार होटल नोवोटेल के एक कमरे से बरामद किया गया।जानकारी के मुताबिक, राहुल सिंह सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे होटल में ठहरे थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर पहुंची तो राहुल सिंह बेड पर अचेत अवस्था में मिले। जांच के दौरान कमरे में उनके आसपास और बेड के नीचे उल्टी पड़ी हुई थी।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग या हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।राहुल सिंह महराजगंज जिले के सिसवा बाजार के बीजापार आसमान छपरा गांव के रहने वाले थे। उनके पिता किसान हैं। खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं को देखकर राहुल ने बेहद कम उम्र में बैटरी से चलने वाला इको-फ्रेंडली ट्रैक्टर तैयार किया था, जिसने उन्हें पूरे देश में पहचान दिलाई।राहुल मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के डिजाइन इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन सेंटर में इनोवेटर के तौर पर काम कर रहे थे और वहीं रिसर्च भी कर रहे थे।

राहुल की उपलब्धियां किसी प्रेरणा से कम नहीं हैं। उन्होंने सिर्फ 13 साल की उम्र से लगातार तीन वर्षों तक इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल में पहला स्थान हासिल किया। साल 2018 में रोटी मेकर, 2019 में बैटरी से चलने वाली इको-फ्रेंडली साइकिल और 2020 में बैटरी चालित ट्रैक्टर बनाकर उन्होंने सबको हैरान कर दिया था।उनका बनाया ट्रैक्टर पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल था। इसमें डीजल या पेट्रोल का इस्तेमाल नहीं होता था, जिससे न तो प्रदूषण होता था और न ही शोर। यह ट्रैक्टर करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकता था और मात्र तीन घंटे में एक एकड़ खेत की जुताई करने में सक्षम था। खास बात यह थी कि इसकी बैटरी और मोटर भी राहुल ने खुद डिजाइन की थी।

राहुल के अचानक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां बेटे की मौत की खबर के बाद सदमे में हैं और बार-बार बेहोश हो रही हैं।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी की नजरें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौत की असली वजह सामने ला सकती है।

Related posts