UP Police SI Final Result 2026: 4543 अभ्यर्थी चयनित, 954 महिलाओं ने मारी बाजी, 22 जुलाई को जारी होंगे नंबर

उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं का इंतज़ार आखिरकार खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सब-इंस्पेक्टर भर्ती 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 4,543 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ है, जिनमें 954 महिला अभ्यर्थियों ने भी सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

भर्ती बोर्ड ने पदवार और श्रेणीवार चयन सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। साथ ही यह भी घोषणा की गई है कि लिखित परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों के नॉर्मलाइज्ड अंक 22 जुलाई 2026 को जारी किए जाएंगे, जिन्हें अभ्यर्थी ऑनलाइन देख सकेंगे।

चयनित अभ्यर्थियों में सबसे अधिक 4,242 उम्मीदवार उप निरीक्षक नागरिक पुलिस यानी एसआई पद के लिए चुने गए हैं। इसके अलावा 135 अभ्यर्थी पीएसी और सशस्त्र पुलिस में प्लाटून कमांडर, 60 विशेष सुरक्षा बल यानी एसएसएफ में प्लाटून कमांडर और 106 महिला बटालियन में उप निरीक्षक पद पर चयनित हुए हैं।

यह भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को चार पालियों में आयोजित की गई थी। करीब 15 लाख 75 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 10 लाख 77 हजार से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। लिखित परीक्षा के बाद डीवी, पीएसटी और पीईटी जैसी विभिन्न चयन प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद अंतिम मेरिट तैयार की गई।

श्रेणीवार चयन की बात करें तो सामान्य वर्ग से 1,200, ओबीसी से 2,240, अनुसूचित जाति से 1,017 और अनुसूचित जनजाति से 86 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। भर्ती बोर्ड ने सभी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी हैं और आगे की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू होने की जानकारी दी है।

Related posts