उत्तर प्रदेश : (Bareilly) बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में एक मजदूर और उसकी 70 वर्षीय नानी पर जानलेवा हमला किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शिकायत के अनुसार, शीशगढ़ निवासी वसीम अहमद पुत्र शकील अहमद मजदूरी कर घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव के ही तहसीन, तौफीक (पुत्रगण गफ्फार) तथा उनके साले नूर इस्लाम और समशुल इस्लाम ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इन सभी ने लाठी-डंडों से वसीम पर हमला कर दिया।
शोर सुनकर वसीम की 70 वर्षीय नानी खैरुलनिशा मौके पर पहुंचीं और बचाव का प्रयास किया। हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला करने का भी प्रयास किया, जिससे दोनों घायल हो गए। वसीम किसी तरह वहां से भागने में सफल रहे।
पीड़ित का आरोप है कि घटना की सूचना शीशगढ़ पुलिस को दी गई थी, लेकिन पहले कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार ने यह भी बताया कि आरोपी लगातार उन्हें धमकी दे रहे थे। वसीम अहमद ने मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली को एक प्रार्थना पत्र भेजा। इसमें उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की थी। एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
