उत्तर प्रदेश : (Lucknow)लखनऊ में एक महिला की कीटनाशक दवा खाने से मौत हो गई है। आरोप है कि महिला को पड़ोस में रहने वाला युवक परेशान करता था। परिवार वालों का कहना है कि महिला को पड़ोसी युवक लगातार फोन कर मिलने के लिए दबाव बना रहा था। जिससे परेशान होकर महिला ने कीटनाशक दवा खाकर जान दे दी। मामला बीकेटी के कोटवा गांव का है।
फोन करके मिलने का दवाब बनाता था –
बीकेटी की रहने वाली निशा (30) की शादी वर्ष 2012 में संदीप से हुई थी। परिवार में बड़ा बेटा सत्यम और बेटी पूर्वी है। पति-पत्नी मजदूरी कर परिवार चलाते थे।
भाई मंजीत के मुताबिक पड़ोसी युवक सुरेंद्र जो खुद भी शादीशुदा है, निशा से बातचीत करता था। दो दिन पहले उसने महिला के साथ अपनी फोटो फेसबुक पर पोस्ट कर दी थी। इसके बाद वह लगातार फोन कर निशा पर बात करने और मिलने का दबाव बना रहा था। महिला के भाई मंजीत ने बताया कि सुरेंद् की हरकतों से निशा काफी परेशान थी। गुरुवार को उसने घर में रखी कीटनाशक दवा खा ली। हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे पहले स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी सुरेंद्र फरार –
परिवार का आरोप है कि बदनामी और मानसिक तनाव की वजह से निशा ने ये कदम उठाया। वहीं घटना के बाद से आरोपी सुरेंद्र घर से फरार बताया जा रहा है। बीकेटी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
