लखनऊ: रहीमाबाद के दौलतपुर गांव के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई। कार चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।
माल के मसीढा हमीर निवासी शशिकेंद्र दीक्षित, जो कौशल विकास मिशन में कार्यरत हैं, मंगलवार शाम अपनी स्विफ्ट डिजार कार से औरास क्षेत्र के जवन करौंदी गांव से लौट रहे थे। दौलतपुर में बेहता नदी का पुल पार करते ही उनकी कार के बोनेट से धुआं निकलने लगा।
शशिकेंद्र ने जैसे ही कार का बोनेट खोला, आग तेजी से भड़क उठी। हालात बिगड़ते देख उन्होंने तुरंत कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार उसकी चपेट में आ गई।
सड़क के बीचों-बीच जलती कार को देखकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। आग के कारण सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना के लगभग दो घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने पानी की तेज बौछारों से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। शशिकेंद्र दीक्षित ने आशंका जताई है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है।
