पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, वृंदावन और गोवर्धन में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़

उत्तर प्रदेश: पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को ब्रज क्षेत्र में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब देखने को मिला। वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर से लेकर गोवर्धन परिक्रमा मार्ग तक लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बांके बिहारी मंदिर के बाहर दर्शन के लिए कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि गोवर्धन का 21 किलोमीटर लंबा परिक्रमा मार्ग श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गया।

अनुमान के मुताबिक रविवार को पांच लाख से अधिक श्रद्धालु बांके बिहारी जी के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे। वहीं पिछले 24 घंटों में दस लाख से ज्यादा भक्तों ने गिरिराज महाराज की परिक्रमा की। देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी श्रद्धालु ब्रजधाम पहुंचे और गिरिराज महाराज के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। भक्तों ने गोवर्धन परिक्रमा के साथ ब्रज 84 कोस और वृंदावन परिक्रमा भी की।

गोवर्धन के प्रमुख धार्मिक स्थलों दानघाटी मंदिर, मुकुट मुखारविंद, मानसी गंगा और जतीपुरा में भी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज को दूध और जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। भीड़ का आलम यह रहा कि कई श्रद्धालु बसों में सीट न मिलने पर उनकी छतों पर बैठकर यात्रा करते नजर आए।

हालांकि भारी भीड़ के बीच अव्यवस्थाओं की शिकायतें भी सामने आईं। श्रद्धालुओं का कहना है कि परिक्रमा मार्ग पर अनियंत्रित ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की आवाजाही से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही और दुर्घटनाएं भी हुईं। वृंदावन में दो अलग-अलग हादसों में एक महिला और एक युवक घायल हो गए।

श्रद्धालुओं ने प्रशासन से परिक्रमा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की है, ताकि लाखों भक्तों की आस्था और सुविधा दोनों सुनिश्चित की जा सकें।

Related posts