लखनऊ: काकोरी थाना क्षेत्र के पानखेड़ा इलाके में रविवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान मुख्य मोहन रोड पर एक विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से लखनऊ-मोहन मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवाओं के चलते पेड़ अचानक सड़क पर आ गिरा। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही प्रशासन और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और पेड़ हटाकर यातायात बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया। अधिकारियों ने लोगों से मार्ग साफ होने तक वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।
