लखनऊ: काकोरी थाना क्षेत्र के सकरा गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार रात हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। चोर इतने बेखौफ थे कि वे घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए, पूरे घर को खंगाला और फिर अलमारी तक उठाकर अपने साथ ले गए।

पीड़ित परिवार के मुताबिक, घटना के समय घर के लोग सो रहे थे जबकि बच्चे एक शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के पीछे की ओर से छत पर पहुंचे और सिरहाने रखी चाबी का उपयोग कर घर के अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने सबसे पहले मोबाइल फोन चोरी किए और फिर घर के सभी कमरों की तलाशी ली। इसके बाद अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात, लगभग पांच हजार रुपये नकद और अन्य सामान चोरी कर लिया।
परिवार को सुबह जब घटना की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। बाद में पता चला कि चोर भरी हुई अलमारी को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में ले गए थे। वहां अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान निकाल लिए गए और खाली अलमारी को वहीं छोड़ दिया गया। पीड़ित परिवार ने चोरी हुए सामान की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई है।
घटना की सूचना मिलते ही काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फील्ड यूनिट की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घटना के खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
