जयपुर में कंगना रनौत ने CM भजनलाल शर्मा संग देखी फिल्म, बोलीं- यह मेरे लिए खास दिन

जयपुर : बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत शुक्रवार को जयपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ अपनी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग देखी। जयपुर के ईपी मिराज सिनेमाघर में आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कई मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हुए।

स्क्रीनिंग के दौरान कंगना रनौत ने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास दिन है, क्योंकि मुख्यमंत्री, उनकी टीम और नर्सिंग स्टूडेंट्स के साथ फिल्म देखना एक खास अनुभव है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उन अनसंग हीरोज की कहानी है, जो बिना किसी पहचान के देश और समाज की सेवा करते हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि देश के लिए समर्पित लोगों की कहानियां समाज को प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान भी कई गुमनाम लोगों ने अपनी जिम्मेदारी निभाकर मानवता की सेवा की थी। ऐसी फिल्में लोगों को उनके योगदान को समझने का मौका देती हैं।

इस स्पेशल स्क्रीनिंग में जयपुर और आसपास के इलाकों से 200 से ज्यादा नर्सों को भी आमंत्रित किया गया था। फिल्म में नर्सों के संघर्ष, उनकी मेहनत और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान को प्रमुखता से दिखाया गया है।

‘भारत भाग्य विधाता’ साल 2008 के 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म है। यह केवल हमले की कहानी नहीं दिखाती, बल्कि उन लोगों के साहस और सेवा भावना को भी सामने लाती है, जिन्होंने मुश्किल हालात में इंसानियत को सबसे ऊपर रखा।

फिल्म में कंगना रनौत के साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, आशा शेलार, प्रिया अर्जुन बेर्डे, जाहिद खान और सुहिता थट्टे जैसे कलाकार नजर आए हैं। निर्देशक मनोज तापड़िया के अनुसार फिल्म का उद्देश्य उन लोगों की आवाज बनना है, जिनका योगदान अक्सर समाज की नजरों से दूर रह जाता है।

Related posts