उत्तर प्रदेश: प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार रात हुई इस वारदात का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ, जब ग्रामीणों ने घर के बाहर खून से लथपथ शव पड़े देखे। मृतकों में श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू (65), अमरावती (58) और इंद्रावती (55) शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार हमलावरों ने परिवार के सदस्यों पर घर के अंदर और बाहर दौड़ाकर हमला किया। तीनों के सिर पर लोहे की रॉड या किसी भारी वस्तु से वार किए गए थे। घटनास्थल पर खून के निशान घर के आंगन से लेकर बाहर तक मिले हैं। घर में मौजूद एक अन्य बुजुर्ग महिला सुरक्षित मिली, जिसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।



घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और एसओजी मौके पर पहुंची। जांच के दौरान ट्रैकर डॉग करीब 200 मीटर दूर एक संदिग्ध के घर तक पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल से एक चप्पल और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में गांव के ही युवक हिमांशु यादव पर संदेह जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार हिमांशु का परिवार की एक युवती से संपर्क था, जिसका परिवार विरोध करता था। इसी को लेकर पहले भी विवाद हुआ था और धमकी दिए जाने की शिकायत पुलिस से की गई थी।
इस मामले में लापरवाही सामने आने पर संबंधित चौकी प्रभारी रामविलास सिंह को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा कर रही हैं।
फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ट्रिपल मर्डर की यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
