पुणे मंगेतर मर्डर केस: ‘अगर मेरी बेटी दोषी है तो उसे भी उसी खाई में फेंक दो’ – सिया की मां का बड़ा बयान

दिल्ली: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब इस मामले में मुख्य आरोपी सिया गोयल की मां पूजा गोयल का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में उनकी बेटी दोषी पाई जाती है तो उसे भी सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। यहां तक कि उन्होंने कहा कि अगर सिया दोषी है तो उसे भी उसी खाई में फेंक देना चाहिए, जहां से केतन को धक्का दिया गया था।

इस बीच लोहगढ़ किले के गार्ड धीरज जाधव ने भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। गार्ड के मुताबिक, घटना के समय उन्होंने सिया को मदद के लिए चिल्लाते हुए सुना था। जब वह मौके पर पहुंचे तो सिया ने बताया कि कोई व्यक्ति खाई में गिर गया है। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि केतन की मौत से एक दिन पहले 17 जून को सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी एक कैफे में मिले थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि वहीं पर हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पहले से लोहगढ़ किले की उस जगह की पहचान कर ली थी, जहां से केतन को धक्का दिया जाना था। इतना ही नहीं, यदि योजना असफल होती तो सड़क दुर्घटना के जरिए हत्या करने का बैकअप प्लान भी तैयार था।

पूछताछ के दौरान सिया और चेतन एक-दूसरे को हत्या का मास्टरमाइंड बता रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि उनके पास पर्याप्त तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्य मौजूद हैं। कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और दोनों आरोपियों के बयानों के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।

फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की गहन जांच जारी है। यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related posts