खीर में नशे की गोलियां मिलाकर पति की हत्या, शव बोरे में भरकर सूखी नहर में फेंका

लखनऊ: गोसाईगंज में 35 वर्षीय श्रमिक रामतीरथ की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी रामदुलारी ने पहले खीर में नशे की छह गोलियां मिलाकर पति को बेहोश किया। इसके बाद अपने भाई अवधेश और चचेरे भाई सरजीत के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस जांच के अनुसार, तीन जुलाई की रात रामतीरथ को खीर खिलाने के बाद अवधेश उसे सरजीत के घर ले गया। वहां तीनों ने कथित तौर पर ईंट से वार किया और कपड़े से मुंह दबाकर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर स्कूटी से बाराबंकी के सतरिख इलाके में ले जाया गया और सूखी नहर में फेंक दिया गया।

रामतीरथ तीन जुलाई से लापता था। पांच जुलाई को सतरिख में अज्ञात शव मिलने के बाद उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। 10 जुलाई को सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर देखकर उसके पिता दयाराम ने पहचान की। उन्होंने पत्नी रामदुलारी, अवधेश और सरजीत पर हत्या का शक जताया था।

पुलिस के मुताबिक, जांच में रामदुलारी और सरजीत के बीच कथित अवैध संबंध तथा परिवार में नशे की लत को लेकर विवाद की बात सामने आई है। इन्हीं विवादों को हत्या की वजह माना जा रहा है।

बाराबंकी पुलिस ने तीनों आरोपियों को 10 जुलाई को गिरफ्तार किया था। हत्या की घटना गोसाईगंज क्षेत्र में होने की पुष्टि के बाद मामला स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। अब गोसाईगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

Related posts