पुलिस के मुताबिक, घनकांत गोगोई को एक पुराने बैंक फ्रॉड केस की जांच के सिलसिले में गुवाहाटी से शिवसागर ले जाया जा रहा था। रास्ते में फूलपनिचिगा इलाके में उसने शौच जाने की बात कही। जैसे ही पुलिस वाहन रुका, आरोपी ने सब इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा की सर्विस पिस्टल छीनने की कोशिश की।
इस दौरान आरोपी और पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई हुई। पुलिस का दावा है कि इसी बीच दो से तीन राउंड फायरिंग हुई। पुलिसकर्मी को बचाने के लिए एक अन्य जवान ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोगोई घायल हो गया। इस घटना में सब इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा के दाहिने पैर में भी चोट आई है।
आपको बता दें कि 26 अक्टूबर की रात गुवाहाटी के पलटन बाजार इलाके के एक होटल में गोलीबारी हुई थी। इस वारदात में पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ था। मृतकों में भूदेव भराली, नारायण दास, हेलेना भराली, देबर्षि कश्यप और रिनिका कश्यप शामिल थे।
पुलिस जांच में सामने आया था कि होटल के लीज एग्रीमेंट और उसके इस्तेमाल को लेकर घनकांत गोगोई और भराली परिवार के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए 26 अक्टूबर को बैठक बुलाई गई थी, लेकिन मामला हिंसा में बदल गया।
फिलहाल आरोपी की मौत के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
