Lucknow:- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न इलाकों में आंधी- पानी से भारी नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं। आपको बता दे कि एक हफ्ते के बाद मानसून ने फिर करवट ली है। कल शुक्रवार शाम से हुई भारी बारिश के बाद शहर में जल भराव के साथ-साथ भारी नुकसान की भी खबर है।
गोमती नगर के विभूति खंड इलाके में साइबर टावर बिल्डिंग का छज्जा गिरने से 23 वर्षीय रवि कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। रवि बाराबंकी से दोस्त से मिलने साइबर टॉवर आए थे।
मृतक रवि छज्जे के नीचे खड़ा होकर दोस्त का इंतजार कर रहा था, इसी दौरान ये हादसा हो गया। मृतक रवि के दोस्त बृजेश ने बताया कि छज्जा हिला तो लगा बारिश की वजह से ऐसा हो रहा है। कुछ ही देर में छज्जा भरभरा कर गिर गया। तेज आवाज से हम वहां से भागे। रवि का हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की, लेकिन पकड़ नहीं पाए। जिसके नीचे रवि दब गया। वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड मौके पर मदद करने नहीं आए। शोर सुनकर कुछ लोग मदद के लिए पहुंचे। उनकी मदद से मलबे की नीचे से रवि को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित किया।
