CSU Vacancy 2026: केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में 90 पदों पर भर्ती, असिस्टेंट और एसोसिएट प्रोफेसर के लिए आवेदन शुरू

दिल्ली: केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (CSU), दिल्ली ने शिक्षण और अकादमिक क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए शानदार अवसर प्रदान किया है। विश्वविद्यालय ने अपने विभिन्न परिसरों में असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और अन्य शैक्षणिक पदों पर भर्ती के लिए कुल 90 रिक्तियां जारी की हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

यह भर्ती हिमाचल प्रदेश स्थित वेदव्यास परिसर, उत्तराखंड के श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर और त्रिपुरा के एकलव्य परिसर के लिए की जाएगी। भर्ती अभियान के तहत कुल 90 पदों में 36 अनारक्षित, 24 ओबीसी, 14 एससी, 7 एसटी और 9 ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित हैं। साथ ही 7 पद दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और अभ्यर्थियों को CSU के आधिकारिक चयन पोर्टल curec.samarth.ac.in पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई 2026 रात 11:30 बजे निर्धारित की गई है।

पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा अलग-अलग निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना का अध्ययन करने की सलाह दी गई है।

परीक्षा के लिए दिल्ली, मुंबई/पुणे, कोलकाता और बेंगलुरु परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जो उम्मीदवार एक से अधिक पदों के लिए आवेदन कर रहे हैं, उन्हें सभी आवेदनों में एक ही परीक्षा शहर चुनने की सलाह दी गई है।

उच्च शिक्षा और अध्यापन क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है।

Related posts