Lucknow: लखनऊ के विकासनगर स्थित होटल टाउन इन में सोमवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। गोरखपुर में तैनात सिपाही अंकित सिंह (26) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। अंकित रविवार को अपने दोस्त आदिल शाह के साथ गोरखपुर से लखनऊ आए थे और दोनों होटल में रुके थे।
सोमवार सुबह जब आदिल सोकर उठा तो अंकित नहीं जागे। कई बार कोशिश करने के बाद भी कोई जवाब न मिलने पर उसने होटल मैनेजर को सूचित किया। इसके बाद विकासनगर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कमरे से इंजेक्शन और सिरिंज बरामद किए गए।
अंकित सिंह बाराबंकी जिले के फतेहपुर क्षेत्र के भगौली कुआं डांडा गांव के रहने वाले थे। वे 2025 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में गोरखपुर में तैनात थे। पूछताछ में दोस्त आदिल शाह ने पुलिस को बताया कि दोनों नशा करते थे। रविवार को होटल पहुंचने के बाद उन्होंने इंजेक्शन से नशा किया था। पुलिस को नशे की ओवरडोज की आशंका है।
अंकित के पिता मीनू सिंह की करीब 20 साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में उनकी मां आशा देवी हैं। एसीपी गाजीपुर अतुल पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में मौत की वजह नशे की ओवरडोज लग रही है। हालांकि, सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। आगे की जानकारी मिलते ही अपडेट दी जाएगी।
