मिर्जापुर: द मूवी का टीजर कल आएगा, मुन्ना भैया-गुड्डू भैया और कलीन भैया के लुक ने बढ़ाया फैंस का उत्साह

मुंबई: मिर्जापुर की दुनिया एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है। मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का टीजर 25 जून को दोपहर 12 बजे रिलीज किया जाएगा। टीजर से पहले मेकर्स ने फिल्म के मुख्य किरदारों के फर्स्ट लुक पोस्टर्स जारी कर दिए हैं, जिसके बाद फैंस के बीच फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है।

जारी किए गए पोस्टर्स में मिर्जापुर की सत्ता, बदले और वर्चस्व की लड़ाई की झलक दिखाई दे रही है। कलीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्ना भैया के किरदार एक बार फिर दर्शकों को उसी अंदाज में नजर आने वाले हैं, जिसके लिए यह सीरीज जानी जाती है। इसके साथ ही ‘गद्दी’ का एक खास पोस्टर भी सामने आया है, जिस पर लिखा है, “गद्दी है तो हम हैं।”

पंकज त्रिपाठी के किरदार कलीन भैया के पोस्टर में लिखा गया है, “जो आया है, वो जाएगा भी, बस मर्जी कलीन भैया की होगी।” वहीं अली फजल के गुड्डू भैया के पोस्टर पर लिखा है, “शुरू मजबूरी में किए थे, अब मजा आ रहा है।” जबकि दिव्येंदु शर्मा यानी मुन्ना भैया के पोस्टर के साथ लिखा गया, “हिंदी फिल्म के हीरो हैं हम, कहा था ना, हम अमर हैं।”

फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी। फिल्म को अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। निर्देशन की जिम्मेदारी गुरमीत सिंह के पास है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है।

फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा के साथ श्वेता त्रिपाठी, रवि किशन, रसिका दुग्गल, अभिषेक बनर्जी समेत कई कलाकार नजर आएंगे। गौरतलब है कि ‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज ने क्राइम और एक्शन ड्रामा के क्षेत्र में खास पहचान बनाई है। 2018 में शुरू हुई इस सीरीज के तीन सीजन आ चुके हैं और अब इसकी कहानी फिल्म के रूप में दर्शकों के सामने आने वाली है।

Related posts