सलमान खान निभा सकते हैं कर्ण का किरदार: राकेश ओमप्रकाश मेहरा की पीरियड फिल्म में दिख सकते हैं भाईजान

मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं। अब खबर सामने आ रही है कि सलमान खान एक बड़े बजट की पीरियड फिल्म में नजर आ सकते हैं, जिसमें वह महाभारत के महान योद्धा कर्ण का किरदार निभा सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विनर डायरेक्टर राकेश ओमप्रकाश मेहरा करेंगे, जबकि फिल्म को फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस करेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सलमान खान ने फिल्म की कहानी सुनी है और उन्हें यह प्रोजेक्ट काफी पसंद आया। कहा जा रहा है कि उन्होंने इसके लिए हामी भी भर दी है। इस किरदार के लिए सलमान अपने लुक और बॉडी लैंग्वेज में बड़ा बदलाव कर सकते हैं। फिल्म को राकेश ओमप्रकाश मेहरा, सलमान खान और एक्सेल एंटरटेनमेंट का एक बड़ा प्रोजेक्ट माना जा रहा है। हालांकि अभी तक मेकर्स की तरफ से इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

राकेश ओमप्रकाश मेहरा इससे पहले ‘रंग दे बसंती’, ‘दिल्ली-6’ और ‘भाग मिल्खा भाग’ जैसी शानदार फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। ऐसे में कर्ण जैसे ऐतिहासिक किरदार को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।

वहीं सलमान खान की अगली थिएटर रिलीज फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ हो सकती है, जिसमें उनके साथ चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी। इसके अलावा सलमान इन दिनों ‘SVC63’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में पहली बार नयनतारा उनके साथ स्क्रीन शेयर करेंगी और इसे ईद 2027 पर रिलीज किया जा सकता है।

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि सलमान खान जल्द ही सुपरहीरो जॉनर की फिल्म में भी नजर आ सकते हैं, जिसे राज एंड डीके डायरेक्ट करेंगे। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो सलमान 2027 की गर्मियों में कर्ण वाली पीरियड फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकते हैं।

Related posts