देहरादून: प्रदेश में चारधाम यात्रा आस्था और भक्ति के साथ सुगम व सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। अब तक सात लाख पचास हजार से अधिक श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं।
सर्वाधिक तीन लाख 44 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने केदारनाथ धाम के दर्शन किए हैं, जबकि लगभग दो लाख श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। वहीं, उत्तरकाशी जिले स्थित यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में दो लाख बारह हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की है। इस बीच, यात्रियों के आवागमन का क्रम लगातार जारी है।
चारधाम यात्रा पर पहुंचे बिहार कैडर के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद ने कहा कि बद्रीनाथ धाम में प्राप्त अनुभव अत्यंत सुखद, आध्यात्मिक और अविस्मरणीय रहा। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट प्रबंधन की सराहना की।
उधर, उत्तरकाशी के जिलाधिकारी ने यात्रा मार्गों और धाम परिसरों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कूड़ा निस्तारण के लिए उत्तरकाशी और बड़कोट की डंपिंग साइट का उपयोग करने को कहा है।
