रामलला के पुजारियों के लिए नई गाइडलाइन: तिलक और पीले वस्त्र अनिवार्य, गर्भगृह में मोबाइल पर रोक

लखनऊ:अयोध्या स्थित राम मंदिर में रामलला की सेवा करने वाले पुजारियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई है। मंदिर की धार्मिक समिति की 12 सितंबर को हुई बैठक के बाद इन नियमों को लागू करने की जानकारी दी गई है। नई व्यवस्था के तहत पुजारियों के पहनावे, व्यक्तिगत स्वच्छता, गर्भगृह में आचरण और श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार को लेकर कई निर्देश दिए गए हैं।

नई गाइडलाइन के अनुसार पुजारियों के लिए तिलक लगाना अनिवार्य होगा और उन्हें प्रतिदिन पीले रंग के वस्त्र पहनने होंगे। बाल, दाढ़ी और मूंछ को लेकर भी निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। पुजारी या तो निर्धारित रूप में बाल-दाढ़ी-मूंछ और शिखा रखेंगे या फिर पूरी तरह क्लीन शेव रहेंगे।

स्वच्छता को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। शौच के बाद स्नान किए बिना मंदिर में प्रवेश नहीं किया जा सकेगा। नियमों का उल्लंघन होने पर शुद्धीकरण की धार्मिक प्रक्रिया अपनाए जाने की बात गाइडलाइन में कही गई है।

गर्भगृह में मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। पुजारियों को मंदिर से संबंधित ऐसी कोई टिप्पणी सोशल मीडिया या वॉट्सऐप पर नहीं करने को कहा गया है, जिससे मंदिर को लेकर गलत संदेश जाए।

सेवा के दौरान पुजारियों को अपने निर्धारित स्थान पर रहना होगा। स्थान छोड़ने की आवश्यकता होने पर शिफ्ट इंचार्ज को जानकारी देनी होगी। अनावश्यक बातचीत, समूह में चर्चा और हंसी-मजाक से बचने के निर्देश भी दिए गए हैं।

श्रद्धालुओं से सम्मानजनक व्यवहार करने और किसी घटना की स्थिति में शांत रहकर जिम्मेदार अधिकारियों से सहयोग लेने को कहा गया है। गर्भगृह में मंदिर के भोग-प्रसाद के अलावा कोई बाहरी वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

परिवार या परिचितों के लिए विशेष दर्शन अथवा प्रसाद की व्यवस्था भी निर्धारित प्रक्रिया और आचार्य के निर्देश के अनुसार ही की जाएगी। गाइडलाइन में मंदिर की गरिमा, अनुशासन और सेवा व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

Related posts