पीएम मोदी के जन्मदिन पर 3 लाख दीयों से जगमगाया राष्ट्र प्रेरणा स्थल, सीएम योगी ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’

Lucknow: लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल भव्य दीपोत्सव का साक्षी बना। 17 सितंबर की शाम यहां करीब 3 लाख दीये जलाए गए। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा राष्ट्र प्रेरणा स्थल जगमगा उठा। ड्रोन कैमरे से सामने आया नजारा बेहद भव्य दिखाई दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहला दीप जलाकर की। इस दीप को ‘आशीर्वाद का दीया’ नाम दिया गया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर स्थापित महान विभूतियों की प्रतिमाओं के सामने भी दीप प्रज्वलित किए।

दीपोत्सव को सफल बनाने के लिए 1000 से ज्यादा वॉलंटियर्स लगाए गए थे। स्वयंसेवकों ने कतारबद्ध तरीके से पूरे परिसर में दीप जलाए। राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विशाल प्रतिमाएं स्थापित हैं, जिनके आसपास भी दीप प्रज्वलित किए गए।

भाजपा ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत भी की। अभियान के पहले दिन लखनऊ की 9 प्रमुख जगहों पर कुल 1,58,778 दीप जलाने का कार्यक्रम रखा गया। इसके अलावा बूथ स्तर पर भी दीप जलाए गए। पार्टी की योजना के अनुसार प्रत्येक बूथ पर करीब 200 दीप जलाने और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित इस दीपोत्सव ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और प्रकाश के संदेश से जोड़ते हुए शहर में एक अलग दृश्य प्रस्तुत किया।

Related posts