लखनऊ में 70 साल की महिला की चाकू से हत्या, शव से 5 फीट दूर मिला हथियार; तकिए के नीचे भी मिला दूसरा चाकू

Lucknow: लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के खुर्रमपुर गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। महिला की पहचान छेदना के रूप में हुई है। वह अपने घर में अकेली रहती थीं। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे गांव की महिला आशा छेदना को दूध देने उनके घर पहुंचीं। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने गेट से अंदर झांककर देखा। बरामदे में छेदना का शव खून से लथपथ पड़ा था। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

घटनास्थल पर पुलिस को शव से करीब 5 फीट दूर सब्जी काटने वाला चाकू मिला। वहीं, चारपाई पर तकिए के नीचे भी एक दूसरा चाकू बरामद हुआ। दोनों चाकुओं को पुलिस ने कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।

मामले में एक अहम बात यह सामने आई है कि घर के दोनों मुख्य गेट अंदर से बंद मिले। घर में आने-जाने के लिए इस्तेमाल होने वाला गेट भी भीतर से बंद था। वहीं, छत पर जाने वाली सीढ़ियों का दरवाजा खुला मिला। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि वारदात के बाद आरोपी छत के रास्ते फरार हुआ हो।

छेदना के पति शंकर लाल गौतम की करीब छह साल पहले मौत हो चुकी थी। उनकी दोनों बेटियां रामजानकी और अर्चना विवाहित हैं और अलग रहती हैं।

एसीपी कृष्णानगर अभिषेक कुमार पांडे और एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Related posts