देहरादून में ओहो रेडियो 89.2 एफएम का शुभारंभ, सीएम धामी बोले- जनजागरूकता का सशक्त माध्यम बनेगा रेडियो

उत्तराखंड: राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ओहो रेडियो 89.2 एफएम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेडियो आज भी समाज को जोड़ने, जनजागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक संवाद स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ओहो रेडियो प्रदेश के लोगों तक उपयोगी जानकारी पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती देगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रेडियो शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकारी अभियानों और महत्वपूर्ण सूचनाओं को आम नागरिकों तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि बदलते डिजिटल दौर में भी रेडियो की विश्वसनीयता और पहुंच आज भी कायम है, खासकर दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह संचार का महत्वपूर्ण साधन बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार संचार के विभिन्न माध्यमों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। सरकार का उद्देश्य राज्य की समृद्ध संस्कृति, लोकभाषा, लोककला और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। ऐसे प्रयास न केवल सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करेंगे बल्कि नई प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर देंगे।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि ओहो रेडियो 89.2 एफएम सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक कार्यक्रम प्रसारित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेगा।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता हरबंस कपूर भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। शुभारंभ के साथ ही ओहो रेडियो 89.2 एफएम ने उत्तराखंड में जनसंवाद और जनजागरूकता की दिशा में एक नई शुरुआत की है।

Related posts