संसद सत्र: आज लोकसभा में पेश किए जाएंगे दो विधेयक

नई दिल्ली: संसद का बजट सत्र जारी है। दोनों ही सदनों में कई अहम विधायी कार्य सूचीबद्ध है। लोकसभा में आज दो विधेयक विचार और पारित किए जाने के लिए पेश किए जाएंगे। लोकसभा में जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किया जाएगा। विधेयक को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जितिन प्रसाद चर्चा के लिए पेश करेंगे। इस विधेयक का उद्देश्य लगभग 80 केन्द्रीय कानूनों में संशोधन कर अपराधों और दंड को डीक्रिमिनलाइज करना या उन्हें युक्तिसंगत बनाना है। इसके साथ ही गृह मंत्रालय की ओर से विदेशी अभिदाय (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 चर्चा और पारित किए जाने के लिए पेश किया जाएगा। यह विधेयक विदेशी अभिदाय (विनियमन) अधिनियम, 2010 में संशोधन करने का प्रस्ताव करता है।

वहीं उच्च सदन में भी दो विधेयक विचार और पारित किए जाने के लिए सूचीबद्ध है। राज्यसभा में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक, 2026 पर चर्चा को आगे बढ़ाया जाएगा। यह बिल केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के अधिकारियों से संबंधित मामलों को रेगुलेट करने का प्रयास करता है। इसके साथ ही वित्त मंत्रालय की ओर से दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक, 2026 भी चर्चा के लिए पेश होगा। विधेयक के माध्यम से दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता, 2016 में संशोधन किया जाना है।

इसके साथ ही दोनों सदनों में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एविएशन टर्बाइन फ्यूल से जुड़ा सांविधिक संकल्प पेश करेंगी। इसके साथ ही प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न मंत्रालयों से सांसद अहम प्रश्न पूछेंगे। साथ ही विभिन्न समितियों से जुड़े प्रतिवेदन और विवरण भी पेश किए जाएंगे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts