सीएम रेखा गुप्ता पर हमले के मामले में केस दर्ज, हत्या की कोशिश समेत तीन धाराएं लगीं

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आज सुबह जन सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने अचानक हमला कर दिया। अपने कैंप ऑफिस पर मुख्यमंत्री आज सुबह जन सुनवाई कर रही थीं। हमले के बाद वहां अफरातफरी मच गई। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ कर रही है।

CM पर हमला करने वाले आरोपी का नाम राजेश खिमजी बताया जा रहा है और वह राजकोट का रहने वाला है। हमला करने वाले शख्स का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। ये फुटेज सीएम आवास के बाहर का है। इस फुटेज में आरोपी सीएम आवास का रेकी करता दिख रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले को लेकर दिल्ली पुलिस ने 3 धाराओं के तहत एफआईआर किया है।

हमलावर पर हत्या की कोशिश यानि 109 (1), 132  (पब्लिक सर्वेंट पर हमला करना) और 221 (पब्लिक सर्वेंट  के काम में बाधा डालना) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी के पास कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। उसके पास से केवल जनसुनवाई की पर्ची मिली है। आरोपी हमले का जो कारण बता रहा है उस पर पुलिस को यकीन नहीं है। पुलिस हमलावर को रिमांड में लेकर पूछताछ करेगी।

 

 

Related posts