Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। चिनहट थाना क्षेत्र के अपट्रान चौराहे के पास तेज रफ्तार से दौड़ रहा एक डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बनी सब्जी की दुकानों पर चढ़ते हुए पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि दुकान के अंदर सो रहे दो युवक उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और डंपर पहले डिवाइडर से टकराया, फिर सड़क किनारे स्थित दुकानों में घुस गया। हादसे के समय दुकान के अंदर 21 वर्षीय आसिफ और 26 वर्षीय कल्लू आराम कर रहे थे। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और भारी वाहन सीधे दुकान के ऊपर पलट गया।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल युवकों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दोनों को पहले डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कल्लू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
इस हादसे में सिर्फ दो युवक ही घायल नहीं हुए, बल्कि आसपास की तीन अन्य दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। दुकानों में रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है और इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
