हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से 6 मजदूरों की मौत, आंधी-बारिश को बताया गया हादसे का कारण

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूरों को मलबे से सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहत-बचाव कार्य कई घंटों तक चलता रहा।

हादसा हमीरपुर शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर ललपुरा क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि देर रात लगभग दो बजे तेज आंधी और बारिश के दौरान पुल का स्लैब गिर गया। उस समय कुछ मजदूर पुल के ऊपर काम कर रहे थे, जबकि कई मजदूर नीचे विश्राम कर रहे थे। स्लैब गिरने से नीचे मौजूद मजदूर मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और साढ़े सात घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में तीन मजदूरों को जीवित बाहर निकाल लिया गया।

उत्तर प्रदेश ब्रिज कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक धर्मवीर सिंह ने प्रारंभिक तौर पर तेज आंधी और बारिश को हादसे का कारण बताया है। मौसम विभाग के अनुसार घटना के समय क्षेत्र में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली थीं। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आंधी से बचने के लिए मजदूर पुल पर और उसके नीचे शरण लिए हुए थे। इसी दौरान अचानक स्लैब ढह गया। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों में चार बांदा और दो हमीरपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस 700 मीटर लंबे दो लेन पुल का निर्माण मार्च 2024 में शुरू हुआ था और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाना था। हादसे ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related posts