लखनऊ: कानपुर में रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब बीएड प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे दर्जनभर छात्र अचानक नाले में गिर गए। घटना मकराबर्टगंज क्षेत्र स्थित प्रोफेसर एच.एन. मिश्रा पीजी कॉलेज के पास की बताई जा रही है, जहां परीक्षा केंद्र के आसपास बने नाले का स्लैब अचानक धंस गया। हादसे के समय कई अभ्यर्थी फोटो कॉपी और जरूरी दस्तावेजों का काम कराने के लिए वहां पहुंचे हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रों की भीड़ नाले के ऊपर बने स्लैब पर खड़ी थी। इसी दौरान स्लैब अचानक भरभराकर टूट गया और करीब 10 से 12 छात्र सीधे नाले में जा गिरे। घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और अन्य अभ्यर्थियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और नाले में गिरे छात्रों को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों की तत्परता के चलते सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी छात्र को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ छात्रों को मामूली चोटें और खरोंचें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी भी देखने को मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नाले का स्लैब काफी समय से जर्जर हालत में था, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं कराई गई थी। परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों के आने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाले और स्लैब की मरम्मत कर दी गई होती तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। फिलहाल प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने और आवश्यक कार्रवाई करने में लगा हुआ है।
