Lucknow: लखनऊ के गोमती नगर इलाके में गुरुवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक बैंक कर्मचारी ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद अपनी बहन को भी गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत दिव्या मिश्रा गुरुवार दोपहर अपने कार्यालय में थीं। इसी दौरान उनके पति मानस बाजपेई ने उन्हें फोन करके बैंक के बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गोली लगने के बाद दिव्या वहीं गिर गईं। बैंककर्मियों और आसपास के लोगों ने उन्हें देखा तो पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद मानस हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराए के मकान पर पहुंचा। यहां उसकी बहन शीबा बाजपेई भी उसके साथ रहती थीं। उसने कमरे का दरवाजा बंद किया और बहन को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि दिव्या मिश्रा ने करीब एक साल पहले मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी। दिव्या यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। वहीं मानस बाजपेई SBI में कार्यरत था।
पुलिस अब हत्या और आत्महत्या के पीछे की वजह तलाश रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। तलाक का विवाद इस वारदात की वजह था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।
