लखनऊ में हिट एंड रन: महिला मित्र से विवाद, फिर कार चढ़ाकर फरार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक युवक पर अपनी महिला मित्र को कार से टक्कर मारकर मौके से फरार होने का आरोप लगा है। घटना में युवती सड़क पर गिर गई, हालांकि वह बाल-बाल बच गई।

पुलिस के मुताबिक, सुबह अनामिका नाम की युवती जनेश्वर मिश्र पार्क के पास चाय पीने पहुंची थी। इसी दौरान उसका पुरुष मित्र शाहनवाज भी एक अन्य महिला मित्र के साथ वहां पहुंच गया। शाहनवाज को दूसरी युवती के साथ देखकर अनामिका नाराज हो गई। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

कार के सामने खड़ी हो गई युवती

विवाद के बाद शाहनवाज दूसरी महिला के साथ कार में बैठकर वहां से जाने लगा। इसी दौरान अनामिका कार के सामने आकर खड़ी हो गई। आरोप है कि शाहनवाज ने कार रोकने के बजाय उसे तेज रफ्तार में आगे बढ़ा दिया, जिससे अनामिका सड़क पर गिर गई।

घटना के बाद शाहनवाज कार लेकर मौके से फरार हो गया। युवती की ओर से पुलिस को शिकायत दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related posts