लखनऊ आदर्श जेल में कैदी ने की आत्महत्या: बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव, पत्नी की हत्या में काट रहा था उम्रकैद; दो जेलकर्मी सस्पेंड

Lucknow: लखनऊ के आदर्श कारागार से एक कैदी की आत्महत्या का मामला सामने आया है। पत्नी की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे 32 वर्षीय कैदी का शव बुधवार सुबह जेल परिसर में बैरक के पीछे बने बाथरूम में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले में लापरवाही सामने आने पर दो जेलकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक अन्य वार्डर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।

मृतक की पहचान राजू उर्फ अब्बास उर्फ असलम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बस्ती जिले के लालगंज क्षेत्र स्थित बनकटी का रहने वाला था और नोएडा के सेक्टर-20 स्थित हरौला में रहता था। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने उसे पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। मुकदमे की सुनवाई के बाद अदालत ने उसे दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद 29 अक्टूबर को उसे लखनऊ के आदर्श कारागार में स्थानांतरित किया गया था।

जेल प्रशासन के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे कैदियों की नियमित गिनती कराई गई थी। उस समय सभी कैदी मौजूद थे। लेकिन लगभग 15 मिनट बाद दोबारा गिनती होने पर राजू गायब मिला। इसके बाद जेलकर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की।

तलाशी के दौरान उसका शव बैरक के पीछे बने बाथरूम में पाइप से लटका मिला। सूचना मिलते ही जेलकर्मियों ने उसे नीचे उतारा और डॉक्टर को बुलाया। चिकित्सकीय जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।

घटना की जानकारी पुलिस और मृतक के परिजनों को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं, जेल प्रशासन ने अनलॉकिंग प्रभारी डिप्टी जेलर मदन गोपाल और बैरक प्रभारी जेल वार्डर राजेश कुमार को निलंबित कर दिया है। जेल वार्डर अतीक अहमद के खिलाफ भी अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की गई है। अब मामले में यह जांच की जा रही है कि जेल के भीतर सुरक्षा और निगरानी में कहां लापरवाही हुई।

Related posts