Delhi: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से जुड़े चर्चित काला हिरण शिकार मामले पर आधारित आगामी फिल्म ‘काला हिरण’ का पोस्टर जारी कर दिया गया है। फिल्म के निर्माताओं ने घोषणा की है कि इसका फर्स्ट लुक और टीजर 20 जून को रिलीज किया जाएगा। पोस्टर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है, क्योंकि इसकी कहानी देश के सबसे चर्चित कानूनी और विवादित मामलों में से एक पर आधारित बताई जा रही है।
फिल्म के निर्माता अमित जानी के अनुसार, ‘काला हिरण’ केवल शिकार मामले तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच वर्षों से चले आ रहे विवाद को भी सिनेमाई अंदाज में दिखाया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिल्म में कोर्टरूम ड्रामा, क्राइम, थ्रिलर और विवाद से जुड़े कई अहम घटनाक्रम शामिल किए गए हैं। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के संभल, मुरादाबाद और अन्य शहरों में की गई है।
गौरतलब है कि साल 1998 में जोधपुर के कांकाणी गांव में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान सलमान खान पर काला हिरण के शिकार का आरोप लगा था। इस मामले में उनके साथ सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम का नाम भी सामने आया था। लंबे कानूनी संघर्ष के बाद अप्रैल 2018 में सलमान खान को पांच साल की सजा सुनाई गई थी, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई। यह मामला अभी भी राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है।
दूसरी ओर, लॉरेंस बिश्नोई कई बार सार्वजनिक रूप से इस मामले को लेकर सलमान खान के प्रति नाराजगी जता चुका है। साल 2024 में सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी लॉरेंस गैंग से जुड़े लोगों ने ली थी। ऐसे में अब यह फिल्म एक बार फिर इस पूरे विवाद को चर्चा के केंद्र में ले आई है।
