झांसी में CM योगी का योग संदेश, बोले- स्वस्थ नागरिक ही बनाता है मजबूत राष्ट्र

झांसी: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी के ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश की ई-आयुष पत्रिका का भी विमोचन किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत और विकसित राष्ट्र के निर्माण की नींव रखता है। इसलिए योग को हर व्यक्ति की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसने सदियों से मानव जीवन को संतुलित और स्वस्थ रखने का मार्ग दिखाया है। आज यही योग पूरी दुनिया के लिए स्वास्थ्य, शांति और मानव कल्याण का संदेश लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की इस महान परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने सभी नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिन का आयोजन न मानें, बल्कि इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। नियमित योग से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है और व्यक्ति अधिक सकारात्मक एवं ऊर्जावान जीवन जी पाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग का मूल संदेश है— स्वयं स्वस्थ रहें और समाज को भी स्वस्थ एवं जागरूक बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

Related posts