70 की उम्र में 50 जैसा दिखने का मंत्र! कोलकाता में PM मोदी ने किया योग, दिया हेल्दी एजिंग का संदेश

दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया और देश-दुनिया को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस दौरान करीब 35 हजार लोगों ने सामूहिक योग सत्र में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी कोशिश सिर्फ लंबी उम्र जीने की नहीं, बल्कि स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन जीने की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 40 साल की उम्र में 20 साल जैसी लचक, 50 साल की उम्र में 30 साल जैसी ऊर्जा और 70 साल की उम्र में 50 साल जैसा स्वास्थ्य हमारा लक्ष्य होना चाहिए।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” यानी बढ़ती उम्र में बेहतर स्वास्थ्य रखी गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि योग केवल फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और मानसिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने यह भी कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग लोगों को संतुलित जीवन जीने की कला सिखाता है।

योग सत्र के दौरान प्रधानमंत्री ने ताड़ासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन और भद्रासन समेत कई योगासन किए। उन्होंने लोगों के बीच जाकर उनकी योग मुद्राओं को भी सुधारा और शीतली प्राणायाम का अभ्यास कराया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग आज पूरी दुनिया को जोड़ने वाली शक्ति बन चुका है। अलग-अलग देशों से योग की प्रेरणादायक तस्वीरें सामने आ रही हैं, जो साबित करती हैं कि योग सीमाओं, भाषाओं और संस्कृतियों से ऊपर उठकर पूरी मानवता को एक सूत्र में बांध रहा है।

प्रधानमंत्री ने सभी से योग को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की और कहा कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन के लिए योग सबसे सरल और प्रभावी मार्ग है।

Related posts