मुंबई : मुंबई में आमिर खान की फिल्म ‘लगान’ के 25 साल पूरे होने और आमिर खान प्रोडक्शंस की 25वीं सालगिरह के मौके पर एक खास सेलिब्रेशन आयोजित किया गया। इस मौके पर बॉलीवुड के कई बड़े सितारे शामिल हुए, जहां आमिर खान के करियर और उनकी फिल्मों के सफर को याद किया गया। 
इवेंट के दौरान एक्ट्रेस काजोल ने आमिर खान के फिल्मों को चुनने के अंदाज की जमकर तारीफ की। काजोल ने कहा कि आमिर खान प्रोडक्शंस ने शुरुआत से ही ऐसी फिल्मों का चुनाव किया है, जो दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बना सकीं। उन्होंने कहा कि ‘लगान’ से लेकर अब तक आमिर की फिल्मों की पसंद उनके बेहतरीन टेस्ट को दर्शाती है।
काजोल ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में आगे कहा कि आमिर का फिल्मों के साथ-साथ महिलाओं को लेकर भी सेंस काफी अच्छा है। काजोल की इस बात पर वहां मौजूद आमिर खान मुस्कुराते हुए नजर आए।
वहीं इस दौरान जूही चावला ने भी आमिर खान के पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि अगर वह आमिर के बारे में बोलना शुरू करें तो पूरी शाम निकल जाएगी। जूही ने मजाक में कहा कि आमिर खान प्रोडक्शंस बनने से पहले वह सिर्फ ‘AK’ थे। उन्होंने यह भी कहा कि आमिर की पहली फिल्म उनके साथ थी और मजाकिया अंदाज में बोलीं कि जिसने उनके साथ काम किया, वह आज कहां पहुंच गया।
फिल्म ‘लगान’ साल 2001 में रिलीज हुई थी, जिसका निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था। फिल्म में आमिर खान ने मुख्य भूमिका निभाने के साथ इसे को-प्रोड्यूस भी किया था। ब्रिटिश शासन के दौर की कहानी पर बनी इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से जबरदस्त सराहना मिली थी।
‘लगान’ में आमिर खान के अलावा ग्रेसी सिंह, पॉल ब्लैकथॉर्न और रेचल शेली अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। ए.आर. रहमान का संगीत और जावेद अख्तर के गीत आज भी लोकप्रिय हैं। फिल्म को ऑस्कर में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म कैटेगरी में नामांकन भी मिला था।
