सलमान के नए लुक ने खींचा ध्यान, आमिर ने गले लगाकर छुए एब्स; ‘लगान’ के 25 साल पूरे होने पर सितारों का जमावड़ा

मुंबई : मुंबई में आमिर खान की फिल्म ‘लगान’ के 25 साल पूरे होने और आमिर खान प्रोडक्शंस की सिल्वर जुबली के मौके पर एक शानदार सेलिब्रेशन इवेंट आयोजित किया गया। इस खास मौके पर बॉलीवुड के कई बड़े सितारे पहुंचे, जिनमें सलमान खान, करीना कपूर, रेखा, काजोल, जूही चावला समेत कई कलाकार शामिल रहे।

इवेंट में सलमान खान अपने नए अल्ट्रा-शॉर्ट हेयर लुक में नजर आए, जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। कई फैंस ने उनके इस लुक की तुलना उनकी सुपरहिट फिल्म ‘तेरे नाम’ वाले अंदाज से करनी शुरू कर दी। सलमान का बदला हुआ स्टाइल देखकर फैंस के बीच उनकी नई तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं।

सेलिब्रेशन के दौरान सलमान खान और आमिर खान की दोस्ती का एक खास पल भी देखने को मिला। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और आमिर खान ने मजाकिया अंदाज में सलमान के एब्स भी छुए। इसके बाद दोनों ने साथ में तस्वीरें क्लिक करवाईं। जब पैपराजी दोनों को कैमरे की तरफ देखने के लिए कह रहे थे, तो सलमान ने अपने अंदाज में मजेदार रिएक्शन दिया, जिसे देखकर आमिर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

इस मौके पर ‘लगान’ की पूरी टीम और फिल्म से जुड़े कई कलाकार भी मौजूद रहे। साल 2001 में रिलीज हुई ‘लगान’ भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक फिल्मों में गिनी जाती है। आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आमिर खान ने भुवन का किरदार निभाया था।

फिल्म की कहानी ब्रिटिश शासन के समय चंपानेर गांव के लोगों की परेशानी और क्रिकेट के जरिए अंग्रेज अधिकारी को चुनौती देने पर आधारित थी। फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला और इसे ऑस्कर में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म कैटेगरी में नामांकन भी मिला था।

लगान की 25वीं सालगिरह का यह जश्न बॉलीवुड के पुराने और नए दौर के सितारों को एक साथ लाने वाला खास मौका बन गया।

Related posts