उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर पर सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसा कौशांबी के मोहम्मदपुर गांव में करीब साढ़े 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि यहां से मनौरी एयरफोर्स स्टेशन की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर है।
विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद फैक्ट्री पूरी तरह जमींदोज हो गई और आसपास धुएं का गुबार छा गया। पटाखों की वजह से काफी देर तक छोटे-बड़े धमाके होते रहे, जिससे रेस्क्यू टीमों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
पुलिस के मुताबिक हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। फैक्ट्री के अंदर करीब 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव के लिए पुलिस के साथ एयरफोर्स की टीमें भी मौके पर पहुंची हैं। मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान जारी है।
धमाके का असर आसपास के इलाके में भी देखने को मिला। फैक्ट्री से करीब 50 मीटर के दायरे में मौजूद 5 से 7 मकान ढह गए। कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े। झुलसे लोगों को कई जगहों पर चारपाई के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक धमाके इतने तेज थे कि आसपास के मकानों की दीवारें तक टूट गईं। वहीं, एक बच्ची ने बताया कि धमाके के दौरान उसका घर ढह गया और वह बाहर निकलने में कामयाब रही, लेकिन उसकी मां और भाई अंदर फंस गए।
फिलहाल पुलिस, एयरफोर्स और राहत टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुटी हैं। हादसे की वजह और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी जांच की जा रही है।
