लखनऊ में किराने की दुकान और गोदाम में भीषण आग, 20 लाख का सामान जलकर राख; 4 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

Lucknow: लखनऊ के दुबग्गा इलाके में गुरुवार सुबह एक किराने की दुकान और गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दो मंजिला मकान में बने दुकान और गोदाम के दोनों हिस्से इसकी चपेट में आ गए। हादसे में करीब 15 से 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

पूरा मामला दुबग्गा के यादव बाजार स्थित इटौली रोड का है। यहां रहने वाले मनीष गुप्ता की परचून की दुकान है। उनके दो मंजिला मकान के निचले हिस्से में दुकान और दोनों मंजिलों पर सामान रखने के लिए गोदाम बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, भैया दूज के पर्व पर मनीष अपनी पत्नी के साथ ससुराल गए हुए थे। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे उन्हें मकान में आग लगने की सूचना मिली। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने शुरुआत में आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद दुबग्गा पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में आटा, मैदा, दाल, चीनी, तेल, गुटखा और दोना-पत्तल समेत दुकान और गोदाम में रखा ज्यादातर सामान जल गया।

इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के मुताबिक, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

फिलहाल इस हादसे में पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जबकि समय रहते दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से आग पर काबू पा लिया गया।

 

 

Related posts