प्रयागराज में करोड़पति परिवार के 4 लोगों की निर्मम हत्या, घर के अंदर मिलीं लाशें; गत्ते पर लिखा मिला- ‘बंटी, बबली और बहू ने मारा’

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक सनसनीखेज सामूहिक हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। शहर के साउथ मलाका स्थित हीवेट रोड इलाके में एक करोड़पति कारोबारी परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी गई। मृतकों में व्यापारी वीरेंद्र कुमार वैश्य, उनकी पत्नी अनीता वैश्य, बेटी मीनाक्षी और बेटा अभिषेक शामिल हैं।

मामले का खुलासा मंगलवार दोपहर उस समय हुआ, जब पड़ोसियों को मकान से तेज दुर्गंध आने लगी। कई बार दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

ऊपरी मंजिल के एक कमरे में वीरेंद्र कुमार वैश्य और उनकी पत्नी अनीता के शव पड़े मिले, जबकि दूसरे कमरे में उनकी बेटी मीनाक्षी का शव मिला। तीनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। तलाशी के दौरान पुलिस को नीचे बनी एक दुकान से बेटे अभिषेक का शव भी बरामद हुआ। दुकान बाहर से बंद थी और शव काफी खराब अवस्था में मिला।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक गत्ता भी मिला, जिस पर लिखा था, “बंटी, बबली और बहू ने मारा।” इस संदेश ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर बंटी, बबली और बहू कौन हैं और उनका इस हत्याकांड से क्या संबंध है।

पुलिस के अनुसार, मृतक परिवार करोड़ों रुपये की संपत्ति का मालिक था। जिस मकान में वारदात हुई, उसकी अनुमानित कीमत 10 से 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। फिलहाल फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस संपत्ति विवाद, पारिवारिक रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

Related posts